नीमच। जिले की जीरन नगर परिषद क्षेत्र में अमृत 2.0 योजना के तहत निर्माणाधीन पानी की टंकी पर रविवार शाम बड़ा हादसा हो गया। निर्माण स्थल पर काम के दौरान टंकी की ऊंचाई से गिरने के बाद एक मजदूर के सीने में लोहे का सरिया आर-पार हो गया। इंदौर के निजी अस्पताल में उपचार के दौरान सोमवार को उसने दम तोड़ दिया।
संतुलन बिगड़ने से हुआ हादसा-
जानकारी के अनुसार, ठेकेदार के रिश्तेदार नेमीचंद (35) निवासी मल्हारगढ़ निर्माण स्थल पर कार्य का निरीक्षण कर रहा था। इसी दौरान उसका संतुलन बिगड़ गया और वह अचानक नीचे गिर पड़ा। नीचे लगे कॉलम के सरियों पर वह आ गिरा, जिससे एक सरिया उसके सीने के आर-पार निकल गया।
स्थानीय लोगों ने बचाव में दिखाई हिम्मत-
हादसे के बाद निर्माण स्थल पर अफरा-तफरी मच गई। मजदूरों और स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद सरिए को काटकर नेमीचंद को बाहर निकाला। एंबुलेंस पायलट दशरथ व्यास और ईएमटी ज्ञानेश धनगर मौके पर पहुंचे और घायल को नीमच जिला चिकित्सालय पहुंचाया।
इंदौर में उपचार के दौरान मौत-
जिला अस्पताल में गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने नेमीचंद को शहर के निजी अस्पताल रेफर किया, जहाँ से उसे इंदौर भेजा गया। इंदौर में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
सुरक्षा की कमी पर सवाल-
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि निर्माण स्थल पर सुरक्षा उपकरण और एहतियाती इंतजाम नहीं थे। उनका कहना है कि यदि उचित सुरक्षा साधन उपलब्ध होते, तो हादसा टाला जा सकता था। ग्रामीणों का आरोप है कि ठेकेदार मजदूरों की जान जोखिम में डालकर निर्माण कार्य करा रहा था।