नीमच। जिले के नूतन स्कूल रोड स्थित तैय्यबीया स्कूल के पास आज सैफी क्लिनिक की ओर से निःशुल्क बाल स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 50 से अधिक बच्चों की स्वास्थ्य जांच कर उन्हें आवश्यक परामर्श प्रदान किया गया। शिविर में शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. निलेश पाटीदार ने बच्चों की स्वास्थ्य जांच की और सर्दी के मौसम में होने वाली बिमारियों से बचाव के उपाय बताए। उन्होंने अभिभावकों को कुपोषण, बच्चों की लंबाई-वृद्धि तथा अन्य शिशु रोगों के बारे में जागरूक किया और उचित उपचार की जानकारी दी। कार्यक्रम के दौरान सैफी क्लिनिक के डॉ. आबिद मंसूरी, को ऑर्डिनेटर हातिम ईज़ी तथा अन्य स्टाफ सदस्य मौजूद रहे। शिविर में दाऊदी बोहरा समाज के स्थानीय आमिल साहब मुर्तुजा भाई साहब और जमात के सेक्रेटरी हुसामुद्दीन फखरी भी पहुंचे। उन्होंने डॉ. निलेश पाटीदार का स्वागत एवं सम्मान किया। बताते चलें कि सैफी क्लिनिक द्वारा समय-समय पर समाज के विभिन्न वर्गों के लिए स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाते रहे हैं। आज आयोजित शिविर का मुख्य उद्देश्य बच्चों के स्वास्थ्य का सर्वांगीण विकास एवं समुदाय में स्वास्थ्य जागरूकता को बढ़ावा देना था।