मनासा/आंतरीमाता। मंगलवार देर शाम आंतरी माताजी क्षेत्र में ग्रिड ऑपरेटर की लापरवाही के कारण बड़ा हादसा हो गया। गोपालपुरा निवासी बंशीदास पिता रामदास बैरागी (43) घरेलू लाइन का कार्य कर रहे थे, तभी 33 केवी हाईटेंशन लाइन के करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गए।
जानकारी के अनुसार, शाम 4 बजे से 6 बजे तक बंशीदास अपने पिता और अन्य कर्मचारियों के साथ घरेलू लाइन की केबल खींचकर मीटर इंस्टॉल करने का कार्य कर रहे थे। इस काम के लिए आंतरीमाताजी ग्रिड से विभाग द्वारा परमिट जारी किया गया था और लाइन को बंद रखने के निर्देश थे।
लेकिन घायल के पिता रामदास बैरागी के अनुसार, ग्रिड ऑपरेटर की लापरवाही से परमिट जारी होने के बावजूद लाइन अचानक चालू कर दी गई, जिससे बंशीदास सीधे 33 केवी लाइन के तेज करंट की चपेट में आ गए। करंट लगने से उनके ऊपरी शरीर का बड़ा हिस्सा झुलस गया और वे खंभे से नीचे गिर पड़े।
घटना के बाद परिजनों ने उन्हें गंभीर अवस्था में मनासा शासकीय अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी हालत नाजुक देखते हुए जिला अस्पताल नीमच रेफर कर दिया।
हादसे को लेकर परिजन और ग्रामीणों में आक्रोश है। उनका कहना है कि विद्युत विभाग और ऑपरेटर की गंभीर लापरवाही के कारण यह दुर्घटना हुई है। परिजनों ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। विभागीय अधिकारियों को सूचना दे दी गई है और प्रारंभिक जांच शुरू कर दी गई है।