मंदसौर। पुलिस ने एमडी ड्रग्स के पुराने मामले में फरार चल रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देश पर चलाए जा रहे फरार और इनामी अपराधियों की धरपकड़ अभियान के तहत की गई। पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीना ने सभी थाना प्रभारियों को ऐसे आरोपियों को जल्द से जल्द पकड़ने के निर्देश दिए थे।

सोमवार को सुवासरा पुलिस को सूचना मिली कि दोनों आरोपी क्षेत्र में देखे गए हैं। थाना प्रभारी अनिल रघुवंशी के मार्गदर्शन में चौकी प्रभारी भारत कटारा और उनकी टीम ने कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी-
- शिवपाल उर्फ श्रीपाल (31), ग्राम कुण्डला बुजुर्ग, थाना शामगढ़
- ईश्वर (23), ग्राम साकरिया खेड़ी, थाना शामगढ़
मंदसौर एसपी ने दोनों पर 1-1 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।

पुलिस ने बताया कि दोनों से अवैध मादक पदार्थ कहां से लाया गया, इस बारे में पूछताछ की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद आरोपियों को अदालत में पेश किया जाएगा।
