मंदसौर। शहर के श्रीनाथ विहार क्षेत्र में रविवार रात एक युवती द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। 25 वर्षीय काजल ने अपने ही घर में फांसी का फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली। परिजनों ने युवती को फंदे पर लटका देखा तो उसे तुरंत जिला चिकित्सालय पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार 25 वर्षीय काजल पिता ओमप्रकाश खींची श्रीनाथ विहार में अपने परिवार के साथ रहती थी। घटना के समय घर के अन्य सदस्य भी घर में मौजूद थे। इसी दौरान काजल घर की दूसरी मंजिल पर बने कमरे में गई और फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली।

कुर्सी और स्टूल की मदद से लगाया फंदा-
बताया जा रहा है कि युवती ने कमरे में पहले कुर्सी रखी और उसके ऊपर स्टूल लगाकर फांसी का फंदा बनाया। कुछ समय बाद परिजनों को घटना की जानकारी मिली, जिसके बाद उन्होंने तुरंत उसे फंदे से उतारकर जिला अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

कुछ महीने पहले टूटा था रिश्ता-
सूत्रों के अनुसार काजल का रिश्ता पहले तय हो चुका था। जिस युवक से उसका संबंध तय हुआ था वह सेना में पदस्थ बताया जा रहा है, लेकिन पारिवारिक कारणों से कुछ महीने पहले यह रिश्ता टूट गया था। हालांकि आत्महत्या के वास्तविक कारणों का अभी तक खुलासा नहीं हो पाया है।

कमरे से डायरी मिली, पुलिस ने जब्त की-
सूत्रों के मुताबिक पुलिस जब मौके पर पहुंची तो मृतका के कमरे से एक डायरी बरामद हुई है। बताया जा रहा है कि युवती उसमें अपनी रोजमर्रा की जिंदगी से जुड़ी बातें लिखा करती थी। पुलिस ने डायरी को अपने कब्जे में ले लिया है। फिलहाल मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
