मंदसौर। केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (सीबीएन) की मध्य प्रदेश इकाई ने जिले के मल्हारगढ़ क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए 217.890 किलोग्राम अवैध पोस्त डोडा बरामद किया है। इस मामले में मादक पदार्थ की तस्करी कर रहे तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि तस्करी में प्रयुक्त जॉन डियर कंपनी का बिना नंबर वाला ट्रैक्टर भी जब्त कर लिया गया है।

जानकारी के अनुसार, सीबीएन को खुफिया सूचना मिली थी कि तीन व्यक्ति बिना पंजीकरण वाले ट्रैक्टर में अवैध मादक पदार्थ लेकर जा रहे हैं। सूचना के आधार पर सीबीएन की मध्य प्रदेश इकाई की एक टीम गठित कर संदिग्ध मार्गों पर निगरानी शुरू की गई।

इसी दौरान ग्राम अम्बाव से बालागुड़ा मार्ग (तहसील मल्हारगढ़) पर संदिग्ध ट्रैक्टर को रोक लिया गया। सुरक्षा कारणों से ट्रैक्टर को मौके पर खोलने के बजाय कार्यालय परिसर लाकर उसकी तलाशी ली गई।

तलाशी के दौरान ट्रैक्टर से 9 बोरों में भरा पोस्त डोडा (पॉपी कैप्सूल) बरामद हुआ। अधिकारियों द्वारा तौलने पर इसका कुल वजन 217.890 किलोग्राम पाया गया, जिसमें 95.470 किलोग्राम सीपीएस और 122.420 किलोग्राम लैंस्ड पोस्त डोडा शामिल है।

सीबीएन अधिकारियों ने बरामद मादक पदार्थ और ट्रैक्टर को जब्त कर लिया है। इस मामले में तीनों आरोपियों को नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस (एनडीपीएस) अधिनियम, 1985 के तहत गिरफ्तार किया गया है।

सीबीएन के अनुसार आरोपियों से पूछताछ कर पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा रही है। मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और इस अवैध कारोबार में शामिल लोगों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
