मंदसौर। जिले के पीपलखूंटा क्षेत्र में मंगलवार देर रात एक सड़क दुर्घटना में बाइक सवार तीन लोग घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब एक तेज रफ्तार मिनी ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी और चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया।

जानकारी के अनुसार मोटरसाइकिल सवार दो पुरुष और एक महिला गांव डिगाव से पीपलखूंटा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आए मिनी ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही तीनों सड़क पर गिरकर घायल हो गए।

हादसे में भरतनाथ (50) निवासी पीपलखूंटा, भेरूनाथ (45) और सुगनबाई (45) निवासी असावती घायल हो गए। तीनों आपस में रिश्तेदार बताए जा रहे हैं। बाइक भेरूनाथ चला रहे थे, बीच में भरतनाथ और पीछे सुगनबाई बैठी हुई थीं।

घटना के बाद आसपास के लोगों और परिजनों ने तीनों घायलों को जिला चिकित्सालय पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है। डॉक्टरों के अनुसार हादसे में भरतनाथ को सबसे अधिक चोट आई है, उनके हाथ और पैर गंभीर रूप से घायल हुए हैं। वहीं भेरूनाथ के पैर में फ्रैक्चर बताया जा रहा है, जबकि सुगनबाई के सिर में चोट आई है।
टक्कर मारने वाला मिनी ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
