मनासा। नरसिंह चतुर्दशी के अवसर पर मंदिरों की नगरी मनासा स्थित नगर नायक बद्री विशाल मंदिर में इस वर्ष भी नृसिंह लीला का रोमांचकारी मंचन किया जाएगा। इस आयोजन को देखने एवं दर्शन के लिए हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ मंदिर परिसर के सामने चौक में उमड़ेगी।
मंदिर पुजारी जुगनू पंडित ने बताया कि नगर नायक बद्री विशाल मंदिर में प्रत्येक वर्ष नरसिंह चतुर्दशी पर इस रोमांचकारी लीला का आयोजन परंपरागत रूप से किया जाता है।
उन्होंने बताया कि नरसिंह जयंती के अवसर पर शाम के समय, जब न दिन होता है न रात, उस संधि काल में नृसिंह लीला का आयोजन किया जाता है। इस लीला में भगवान नृसिंह का पात्र बने कलाकार का मंत्रोच्चार के साथ विधिवत पूजन कर उसे खंभ (कोठी) में विराजित किया जाता है।
इसके पश्चात हिरण्यकश्यप का पात्र मंदिर की सीढ़ियों पर कई बार दौड़ लगाता है। सूर्यास्त के समय कोठी से भगवान नृसिंह का प्राकट्य होता है और वे दुष्ट हिरण्यकश्यप का वध करते हैं। इसके बाद भगवान नृसिंह की आरती की जाती है तथा श्रद्धालुओं को दर्शन दिए जाते हैं।