चित्तौड़गढ़। प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंचाने के उद्देश्य से संचालित ग्राम रथ अभियान के अंतर्गत कपासन विधानसभा क्षेत्र में बुधवार को ग्राम रथ यात्रा का शुभारंभ किया गया।
इस अवसर पर विधायक अर्जुनलाल जीनगर एवं पूर्व जिला प्रमुख सुशीला जीनगर ने हरी झंडी दिखाकर ग्राम रथ को रवाना किया।
ग्राम रथ यात्रा राशमी, डिंडोली, अड़ाना, पावली एवं भीमगढ़ ग्राम पंचायतों में पहुंचेगी, जहां आमजन को विभिन्न विभागों की योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी जाएगी। अभियान के माध्यम से ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं का लाभ लेने हेतु जागरूक किया जा रहा है, ताकि पात्र व्यक्ति योजनाओं से जुड़कर अपने जीवन स्तर में सुधार कर सकें।
कार्यक्रम के दौरान उपखंड अधिकारी, तहसीलदार, विकास अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। जनप्रतिनिधियों ने भी सक्रिय सहभागिता निभाते हुए ग्रामीणों से संवाद किया और योजनाओं का अधिकतम लाभ लेने का आह्वान किया।
विधायक अर्जुनलाल जीनगर ने कहा कि ग्राम रथ अभियान सरकार की मंशा को साकार करने का एक सशक्त माध्यम है, जिसके जरिए योजनाओं की जानकारी सीधे गांव-गांव तक पहुंचाई जा रही है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे इस अवसर का लाभ उठाएं और अधिक से अधिक योजनाओं से जुड़ें।
पूर्व जिला प्रमुख सुशीला जीनगर ने अभियान की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के प्रयास ग्रामीण विकास को नई गति देंगे तथा शासन-प्रशासन और आमजन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करेंगे।