छोटीसादड़ी। तहसील क्षेत्र के ग्राम गोठड़ा स्थित श्री चमत्कारी देवनारायण मंदिर परिसर इन दिनों भक्ति, श्रद्धा और आध्यात्मिक वातावरण से सराबोर है। यहां आयोजित कलश स्थापना, सप्तदिवसीय श्रीमद् भागवत कथा एवं पंचकुण्डीय महायज्ञ में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचकर धर्म लाभ प्राप्त कर रहे हैं। यह आयोजन 3 मई से 9 मई तक श्रद्धा एवं उत्साह के साथ जारी है।
कथा के छठे दिवस शुक्रवार को राजस्थान सरकार के पूर्व सहकारिता मंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता उदयलाल आंजना कथा स्थल पहुंचे, जहां उन्होंने श्रीकृष्ण की दिव्य लीलाओं का श्रवण कर पुण्य लाभ प्राप्त किया। उनके आगमन पर आयोजन समिति एवं ग्रामवासियों द्वारा उनका आत्मीय स्वागत मेवाड़ी साफा एवं उपरणा ओढ़ाकर किया गया।
सप्तदिवसीय श्रीमद् भागवत कथा का वाचन कथा व्यास पंडित माणकचंद मेनारिया (फतेहनगर) द्वारा अत्यंत भावपूर्ण एवं ओजस्वी शैली में किया जा रहा है। कथा के माध्यम से श्रद्धालुओं को धर्म, संस्कृति, संस्कार और मानव जीवन के आदर्श मूल्यों का संदेश दिया जा रहा है।
इस अवसर पर उदयलाल आंजना ने कथा व्यास से आशीर्वाद प्राप्त कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की। उन्होंने कहा कि श्रीमद् भागवत कथा जैसे आयोजन सनातन संस्कृति की अमूल्य धरोहर हैं, जो समाज में प्रेम, सद्भाव और नैतिक मूल्यों को मजबूत करते हैं।
कार्यक्रम में छोटीसादड़ी ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष मुकेश जाट, पूर्व अध्यक्ष राधेश्याम पाटीदार सहित जणवा समाज के गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। पूरा वातावरण भक्ति, श्रद्धा और आध्यात्मिक उल्लास से परिपूर्ण रहा।