नीमच। आरोग्य भारती जिला नीमच द्वारा ग्राम निपानिया अम्बामाता स्थित आरोग्य धाम में परम पूज्य महामंडलेश्वर संत श्री सुरेशानंद सरस्वती के सानिध्य में तीन दिवसीय आयुर्वेद एवं आध्यात्मिक ज्ञान आधारित गुरु सानिध्य प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया जा रहा है। यह शिविर 8 मई से 10 मई तक संचालित हो रहा है, जिसमें देश के विभिन्न राज्यों से आयुर्वेद के शिक्षार्थी भाग ले रहे हैं।
शिविर में डॉ. विष्णु सेन कछावा ने आरोग्य भारती की स्थापना से लेकर वर्तमान तक संचालित विभिन्न आयामों पर प्रकाश डालते हुए स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया। उन्होंने प्रातःकाल जागरण से लेकर रात्रि विश्राम तक योग, व्यायाम, संतुलित आहार, ध्यान एवं अनुशासन को दिनचर्या में शामिल करने पर जोर दिया।
उन्होंने सुपोषण आहार में सूर्य के सात रंगों से मिलती-जुलती खाद्य सामग्री को भोजन में शामिल करने, प्राकृतिक चिकित्सा अपनाने तथा व्यसनमुक्त जीवन जीने की प्रेरणा दी। महिलाओं की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए रसोई में उपयोग होने वाले हल्दी, काली मिर्च, दालचीनी एवं तेजपत्ता जैसे मसालों के औषधीय महत्व को बताया तथा पैक मसालों की बजाय खड़े मसालों के उपयोग की सलाह दी।
शिविर में विद्यालय स्वास्थ्य कार्यक्रम, वनौषधि संरक्षण, किशोर स्वास्थ्य जागरूकता, गर्भ संस्कार, योग एवं पर्यावरण संरक्षण जैसे विषयों पर भी जानकारी दी गई। वक्ताओं ने प्रत्येक घर में औषधीय पौधे लगाने तथा प्रथम उपचार प्रशिक्षण को आमजन तक पहुंचाने की आवश्यकता बताई।
परम पूज्य सुरेशानंद सरस्वती द्वारा आयुर्वेद एवं आध्यात्म के समन्वय पर सैद्धांतिक एवं व्यवहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है। शिविर में औषधीय निर्माण, स्वस्थ दिनचर्या, गंध चिकित्सा, ध्वनि चिकित्सा एवं आयुर्वेदिक उपचार पद्धतियों पर विशेष प्रशिक्षण दिया जा रहा है।