नीमच। हजरत सरकार चांद शाह वली बाबा र.अ. तामीर कमेटी, महू रोड नीमच द्वारा प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी तीन दिवसीय 51वां उर्स बड़े शानो-शौकत के साथ प्रारंभ हुआ। उर्स की शुरुआत कुरआन-ख्वानी और चादर शरीफ पेश कर की गई।
जानकारी के अनुसार उर्स के प्रथम दिवस फर्ज की नमाज के बाद अलम कुशाई की रस्म अदा की गई। सुबह 8 बजे कुरआन-ख्वानी से कार्यक्रम की शुरुआत हुई, इसके पश्चात महफिले मिलाद का आयोजन किया गया। रात में ईशा नमाज के बाद महफिल-ए-शमा का आयोजन हुआ, जिसमें कव्वालों ने सूफियाना कलाम प्रस्तुत किए।
चादर शरीफ शाम 6 बजे मरहूम सुफी कय्यूम भाई के निवास से रवाना होकर कुम्हारा गली, घंटाघर, मूलचंद मार्ग, खारी कुआं एवं बस स्टैंड होते हुए दरगाह शरीफ पहुंची। रास्तेभर अकीदतमंदों ने फूल पेश कर दुआएं मांगीं।
उर्स के दौरान देश के प्रसिद्ध कव्वाल अपने कलाम पेश करेंगे। शनिवार को समीर असलम साबरी (चित्तौड़गढ़) एवं अकसद-अकदस कव्वाल पार्टी नीमच अपनी प्रस्तुतियां देंगे। वहीं 23 व 24 मई को उस्ताद अनवर साबरी, मो. असलम साबरी एवं शहजाद नवाब चिश्ती कव्वाल (मंदसौर) सूफियाना कलाम पेश करेंगे।
25 मई को फजर नमाज के बाद कुल की रस्म अदा की जाएगी।
इस अवसर पर उपाध्यक्ष मजीत भाई मुल्तानी, सरपरस्त लाला बम्ब, इकबाल भाई, अनवर खान सहित अनेक गणमान्य उपस्थित रहे।