नीमच। नयागांव टोल प्लाजा के समीप शनिवार को एक दुखद घटना सामने आई, जहां हरियाणा से इंदौर जा रहे एक युवक की ट्रक में अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। युवक को तत्काल जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मनीष (25) पुत्र सुरेंद्र सिंह निवासी ग्राम बीरडाना, हरियाणा अपने पिता एवं अन्य साथियों के साथ ट्रेलर में माल लेकर इंदौर जा रहा था। इसी दौरान नयागांव टोल प्लाजा के पास उसकी अचानक तबीयत खराब हो गई।
स्थिति गंभीर होने पर वाहन चालक ने ट्रेलर रोककर टोल प्रशासन को सूचना दी। सूचना मिलते ही टोल प्लाजा की एंबुलेंस मौके पर पहुंची और युवक को तत्काल जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया। हालांकि अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो चुकी थी। चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
आवश्यक औपचारिकताएं पूरी होने के बाद मृतक के पिता सुरेंद्र सिंह एवं अन्य परिजन शव को लेकर पैतृक गांव बीरडाना (हरियाणा) के लिए रवाना हो गए। युवक की असमय मृत्यु से परिजनों में शोक व्याप्त है।