चित्तौड़गढ़। राजस्थान सरकार के वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान के अंतर्गत रविवार को नगर परिषद चित्तौड़गढ़ द्वारा जल संरक्षण, पर्यावरण संवर्धन एवं जनजागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
अभियान के तहत आगामी पौधारोपण कार्यक्रमों की तैयारियों को लेकर शहर के विभिन्न क्षेत्रों में गड्ढे तैयार करवाए गए तथा हरित वातावरण के निर्माण के लिए पौधारोपण भी किया गया। पर्यावरण संरक्षण और प्लास्टिक मुक्त जीवनशैली को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से नागरिकों को कपड़े के थैलों का वितरण कर जागरूक किया गया।
नगर परिषद द्वारा शहर के विभिन्न जल स्रोतों की साफ-सफाई कर उन्हें संरक्षित एवं स्वच्छ बनाए रखने का संदेश दिया गया। जल संरक्षण के महत्व को रेखांकित करने के लिए आकर्षक रंगोलियां बनाई गईं तथा आमजन को जल बचाने के प्रति प्रेरित किया गया।
वंदे गंगा जल सेवा कार्यक्रम के अंतर्गत श्रमदान एवं जनसहभागिता गतिविधियों का आयोजन कर सामुदायिक सहभागिता को बढ़ावा दिया गया। प्रातःकाल प्रभात फेरी निकालकर जल संरक्षण, स्वच्छता और पर्यावरण सुरक्षा का संदेश जन-जन तक पहुंचाया गया।
अभियान के तहत विभिन्न शासकीय भवनों एवं संस्थानों में स्थापित वर्षा जल संचयन संरचनाओं (वॉटर हार्वेस्टिंग सिस्टम) की साफ-सफाई एवं रंग-रोगन का कार्य भी कराया गया, ताकि वर्षा जल संग्रहण व्यवस्थाएं अधिक प्रभावी बन सकें।
इस अवसर पर नागरिकों को जल संरक्षण का संकल्प दिलाया गया तथा प्रत्येक बूंद जल के महत्व को समझाने का प्रयास किया गया। नगर परिषद द्वारा बताया गया कि अभियान के माध्यम से जल स्रोतों के संरक्षण, वर्षा जल संचयन, पौधारोपण एवं जनभागीदारी को प्रोत्साहित कर भावी पीढ़ियों के लिए जल संसाधनों को सुरक्षित रखने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।