मनासा। सोमवार को तेज बारिश और आंधी-तूफान के चलते क्षेत्र में मौसम सुहावना हो गया और लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली। हालांकि अचानक हुई बारिश किसानों के लिए परेशानी का कारण बन गई।
कृषि उपज मंडी में खुले में रखी किसानों की सोयाबीन और चने की फसल बारिश में भीग गई, जिससे किसानों को नुकसान की आशंका है। किसानों का आरोप है कि मंडी परिसर में बने शेड पर व्यापारियों ने कब्जा जमा रखा है। वहीं फसल के टोल और मंडी परिसर में व्यापारियों का अनाज रखा होने के कारण किसानों को अपनी उपज सुरक्षित रखने के लिए पर्याप्त स्थान नहीं मिल पाया।
बारिश के दौरान बड़ी संख्या में किसानों की उपज भीग गई, जिससे उनमें आक्रोश देखा गया। किसानों ने मंडी प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि बारिश के समय मंडी में कोई जिम्मेदार अधिकारी मौजूद नहीं था, जिससे उनकी समस्या का तत्काल समाधान नहीं हो सका।
किसानों ने मंडी प्रशासन से शेडों को खाली कराने और उपज की सुरक्षा के लिए उचित व्यवस्था करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी स्थिति से बचा जा सके।