मनासा। नगर स्थित श्री रामानुज कोट मंदिर में 2 जून से 8 जून 2026 तक आयोजित होने वाली संगीतमय श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ मंगलवार को भव्य कलश एवं शोभायात्रा के साथ हुआ। श्रद्धा, भक्ति और उत्साह से सराबोर इस आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
शोभायात्रा रामपुरा रोड स्थित नरसिंह माता मंदिर से प्रारंभ होकर सदर बाजार, गांधी चौक सहित नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए श्री रामानुज कोट मंदिर पहुंची। यात्रा के दौरान श्रद्धालु भगवान के जयकारे लगाते हुए भक्ति रस में सराबोर नजर आए। महिलाओं ने कलश धारण कर शोभायात्रा की शोभा बढ़ाई, वहीं पूरे मार्ग में धार्मिक वातावरण बना रहा।
कथा का वाचन प्रसिद्ध कथावाचक पंडित श्री शिवम बापू (ग्राम घटिया रघुनाथपुर, जिला देवास) द्वारा किया जा रहा है। वे अपनी ओजस्वी वाणी के माध्यम से श्रद्धालुओं को श्रीमद्भागवत महापुराण के दिव्य प्रसंगों एवं भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं का रसपान करा रहे हैं।
आयोजन समिति के अनुसार कथा का आयोजन प्रतिदिन दोपहर 1रू30 बजे से शाम 5रू00 बजे तक किया जाएगा। कथा के माध्यम से श्रद्धालुओं को धर्म, भक्ति, संस्कार और आध्यात्मिक जीवन के महत्व से अवगत कराया जाएगा।
समिति ने क्षेत्र के समस्त धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं से कथा में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर पुण्य लाभ अर्जित करने तथा आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।