मालिया (बामनिया पंचायत)। बामनिया पंचायत में पिछले चार वर्षों में हुए विकास कार्यों से संतुष्ट ग्रामीणों ने ग्राम मालिया में सरपंच गोपाल बाई बालमुकन पाटीदार एवं पंचायत टीम का सम्मान किया। इस अवसर पर ग्रामीणों ने पंचायत द्वारा किए गए जनहितकारी कार्यों की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के दौरान सामूहिक भोजन का भी आयोजन किया गया।
ग्रामीणों ने बताया कि पंचायत ने वर्षों से लंबित कई समस्याओं का समाधान किया है। विशेष रूप से श्मशान घाट तक जाने वाले मार्ग का सुधार कराया गया, जिससे अंतिम संस्कार के दौरान होने वाली परेशानियों से ग्रामीणों को राहत मिली है।
इसके अलावा पंचायत द्वारा गांव की विभिन्न गलियों में सीसी सड़क निर्माण कराया गया, जिससे आवागमन सुगम हुआ और बरसात के मौसम में होने वाली दिक्कतें काफी हद तक दूर हुईं। वहीं गांव में स्ट्रीट लाइट व्यवस्था से रात्रि के समय सुरक्षा एवं सुविधाओं में भी वृद्धि हुई है।
ग्रामीणों ने कहा कि पंचायत के विकास कार्यों का लाभ सीधे आमजन को मिल रहा है, जिसके चलते ग्रामवासियों ने सरपंच एवं पंचायत टीम का सम्मान कर उनके प्रति अपना विश्वास व्यक्त किया।
सरपंच गोपालबाई बालमुकन पाटीदार ने सम्मान के लिए ग्रामीणों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पंचायत क्षेत्र के विकास और जनसुविधाओं के विस्तार के लिए आगे भी निरंतर प्रयास जारी रहेंगे। कार्यक्रम में पंचायत प्रतिनिधि, ग्रामीणजन एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।