दलौदा। थाना दलौदा पुलिस ने संपत्ति संबंधी अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत त्वरित कार्रवाई करते हुए दलौदा चौपाटी स्थित पान की दुकान में हुई चोरी का खुलासा किया है। पुलिस ने मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से करीब 18 हजार रुपये कीमत के विभिन्न कंपनियों की सिगरेट के पैकेट बरामद किए हैं। आरोपी के कब्जे से राजस्थान के आवरी माता क्षेत्र से चोरी की गई एक मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है।
पुलिस के अनुसार, 30 अगस्त 2026 को फरियादी विशाल पिता नानालाल शर्मा, उम्र 21 वर्ष, निवासी मंडी रोड, दलौदा ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। फरियादी ने बताया कि दलौदा चौपाटी स्थित उसकी पान की दुकान के काउंटर का ताला 29 अगस्त की रात किसी अज्ञात व्यक्ति ने तोड़ दिया और उसमें रखे सिगरेट के पैकेट चोरी कर लिए।
रिपोर्ट पर थाना दलौदा में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई। थाना प्रभारी उप निरीक्षक रविन्द्र प्रताप डांगी ने तत्काल पुलिस टीम गठित कर आरोपी एवं चोरी गए माल की तलाश शुरू की। टीम ने मुखबिर सूचना, तकनीकी साक्ष्यों एवं अन्य वैज्ञानिक तरीकों से जांच आगे बढ़ाई।
जांच के दौरान पुलिस ने संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर कृष्णा पिता विजेन्द्र उर्फ गुड्डा बंजारा, उम्र 19 वर्ष, निवासी बापू गांधी नगर, इंदौर को गिरफ्तार किया। पूछताछ के बाद उसके कब्जे से चोरी किए गए विभिन्न कंपनियों के सिगरेट के पैकेट, कीमत करीब 18 हजार रुपये, बरामद किए गए।
राजस्थान से चोरी की बाइक भी बरामद-
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से आवरी माता, थाना भदेसर, राजस्थान क्षेत्र से चोरी की गई हीरो एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल क्रमांक MP11MN 7978, कीमत करीब 50 हजार रुपये, भी जब्त की है।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह पैदल राजस्थान घूमने गया था। आवरी माता, थाना भदेसर क्षेत्र में सड़क किनारे खड़ी मोटरसाइकिल को चोरी कर वह उसे लेकर इंदौर लौट रहा था। इसी दौरान दलौदा चौपाटी पर पान की दुकान के काउंटर का ताला तोड़कर सिगरेट के पैकेट चोरी किए।
यह मशरूका हुआ बरामद-
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से विभिन्न कंपनियों की सिगरेट के पैकेट, कीमत करीब 18 हजार रुपये, तथा हीरो एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल क्रमांक MP11MN 7978, कीमत करीब 50 हजार रुपये, बरामद की है।
गिरफ्तार आरोपी-
- कृष्णा पिता विजेन्द्र उर्फ गुड्डा बंजारा, उम्र 19 वर्ष, निवासी गांधी नगर, इंदौर।
पुलिस टीम की रही महत्वपूर्ण भूमिका-
कार्रवाई में थाना प्रभारी उनि रविन्द्र प्रताप डांगी, प्रधान आरक्षक दीपेन्द्र सिंह, प्रधान आरक्षक यादवेन्द्र सिंह एवं आरक्षक युवराज सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।