चित्तौड़गढ़। आगामी चुनाव के मद्देनजर आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए बस्सी थाना पुलिस ने अवैध हथियारों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग मामलों में लोहे के छुर्रों सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि आगामी चुनाव को देखते हुए एवं आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी कार्रवाई के लिए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेन्द्र सिंह जोधा तथा वृत्ताधिकारी ग्रामीण दिनेश सुखवाल के निकटतम सुपरविजन में थानाधिकारी बस्सी प्रेमसिंह जादौन के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई।
पहली कार्रवाई में आरोपी गिरफ्तार-
पुलिस टीम ने मंगलवार को कार्रवाई करते हुए अवैध लोहे का छुरा रखने के आरोप में सिराज पिता नजीर मोहम्मद, उम्र 50 वर्ष, निवासी खेड़ा बस्सी, थाना बस्सी, हाल देहली गेट, थाना कोतवाली चित्तौड़गढ़ को गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर अनुसंधान एएसआई भैरूलाल द्वारा किया जा रहा है।
दूसरे मामले में भी आरोपी पकड़ा-
इसी क्रम में 30 अगस्त 2026 को पुलिस ने अवैध हथियार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए लोहे के छुर्रे के साथ संजय पिता गोविन्द, उम्र 25 वर्ष, निवासी कच्ची बस्ती बागवास, प्रतापगढ़ को गिरफ्तार किया था। उसके खिलाफ प्रकरण दर्ज कर अनुसंधान किया गया और आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, उक्त प्रकरण का त्वरित अनुसंधान पूरा करते हुए प्रकरण दर्ज होने के महज 24 घंटे में निस्तारण किया गया।
पुलिस टीम-
कार्रवाई में एएसआई सुरेशगिरी, हेड कांस्टेबल हरलाल, कांस्टेबल जितेन्द्र कुमार शोभाग, तेजपाल सिंह एवं हरप्रीत सिंह का सराहनीय योगदान रहा।