मंदसौर। सुवासरा के पास बुधवार रात हुए सड़क हादसे में बाइक सवार 25 वर्षीय युवक गंभीर घायल हो गया। डग से किशोरपुरा लौट रहे युवक की मोटरसाइकिल को पिकअप वाहन ने टक्कर मार दी। टक्कर के बाद युवक सड़क पर काफी दूर तक घिसटता चला गया, जिससे गले, सिर, हाथ-पैर सहित शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आईं।
टक्कर के बाद सड़क पर घिसटा युवक-
किशोरपुरा निवासी मदन माली (25) बुधवार दोपहर अपने पिता दयाराम माली के साथ रिश्तेदारों से मिलने डग गया था। रात में मदन बाइक से गांव लौट रहा था। इसी दौरान पिकअप वाहन ने उसकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। हादसे के बाद मदन सड़क पर दूर तक घिसट गया। उसके गले पर गहरा घाव हुआ, जबकि सिर, हाथ और पैर में भी गंभीर चोटें आईं।
दोस्त ने परिजनों को दी सूचना-
मदन का दोस्त कमल दूसरी बाइक से उसके पीछे आ रहा था। हादसा होते ही उसने परिजनों को सूचना दी। परिजन निजी वाहन से मदन को सुवासरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर रात करीब 12 बजे उसे मंदसौर जिला अस्पताल लाया गया।
गले पर 20 से ज्यादा, सिर पर 8 टांके-
जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने मदन के गले के गहरे घाव पर 20 से ज्यादा टांके लगाए। सिर पर भी 8 टांके लगाए गए हैं। हादसे में उसका पैर फ्रैक्चर हो गया, जबकि हाथ और शरीर के अन्य हिस्सों में भी चोटें आई हैं। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे निजी अस्पताल रेफर कर दिया।
पिकअप चालक हिरासत में-
परिजनों के अनुसार हादसे के बाद पिकअप चालक मौके पर ही रुक गया था। चोमेला पुलिस ने चालक को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।