पिपलियामंडी। पिपलियामंडी पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक युवक को एक किलो अवैध अफीम के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब एक लाख रुपये कीमत की अफीम और एक कीपैड मोबाइल जब्त किया है।
पुलिस के अनुसार, मध्यप्रदेश शासन एवं पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार अवैध मादक पदार्थों की तस्करी करने वालों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। जिला पुलिस अधीक्षक मंदसौर विनोद कुमार मीना के निर्देशन में जिले के सभी राजपत्रित अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। कार्रवाई का जिला स्तरीय पर्यवेक्षण अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मंदसौर तेर सिंह बघेल द्वारा किया जा रहा है।
पुलिस को देखकर भागने लगा युवक-
पुलिस के अनुसार, अनुविभागीय अधिकारी पुलिस मल्हारगढ़ पिंटू कुमार बघेल के मार्गदर्शन एवं थाना प्रभारी निरीक्षक विक्रम सिंह इवने के नेतृत्व में पिपलियामंडी पुलिस टीम 5 सितंबर 2026 को देहात भ्रमण पर थी। इसी दौरान नगर परिषद पिपलियामंडी संपवेल के पास आम रोड पर ओवरब्रिज की ओर से एक युवक पीठ पर काले रंग का पिठ्ठू बैग लटकाए आता दिखाई दिया।
बताया गया कि पुलिस वाहन को देखकर युवक अचानक वापस मुड़ा और हाईवे रोड स्थित ओवरब्रिज की ओर भागने लगा। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में युवक ने अपना नाम करण पिता कांतिलाल भील, उम्र 23 वर्ष, निवासी धामेड़ी, थाना पिपलौदा, जिला रतलाम बताया।
बैग से मिली एक किलो अफीम-
पुलिस ने आरोपी के पास मौजूद बैग की तलाशी ली, जिसमें एक किलो अवैध अफीम बरामद हुई। पुलिस ने अफीम के साथ एक कीपैड मोबाइल भी जब्त किया। जब्त अफीम की अनुमानित कीमत एक लाख रुपये तथा मोबाइल की कीमत एक हजार रुपये बताई गई है।
पिपलियामंडी थाने में आरोपी करण भील के खिलाफ अपराध क्रमांक 264/2026 के तहत धारा 8/18 एनडीपीएस एक्ट में प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिया गया है। पुलिस द्वारा आरोपी से मादक पदार्थ की तस्करी से जुड़े अन्य पहलुओं को लेकर पूछताछ की जा रही है।
पुलिस टीम की रही सराहनीय भूमिका-
कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक विक्रम सिंह इवने एवं पिपलियामंडी पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही।