नीमच। जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए जीरन पुलिस ने मऊ-नीमच हाईवे पर वाहन चेकिंग के दौरान डोडाचूरा तस्करी का मामला पकड़ा है। पुलिस ने 'बालाजी वेफर्स' लिखे टाटा टेंपो क्रमांक RJ06GD6772 को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान कुरकुरे और वेफर्स के पैकेटों के नीचे छिपाकर रखे गए तीन प्लास्टिक कट्टे मिले, जिनमें 39 किलोग्राम डोडाचूरा बरामद हुआ।
पुलिस के अनुसार जब्त डोडाचूरा की अनुमानित कीमत करीब 1 लाख 95 हजार रुपए है, जबकि टाटा टेंपो की कीमत करीब 5 लाख रुपए बताई गई है।
राजस्थान का चालक गिरफ्तार-
मामले में पुलिस ने टेंपो चालक किशन पिता पृथ्वीराज साल्वी (25), निवासी काठी, जिला चित्तौड़गढ़, राजस्थान को मौके से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सप्लाई नेटवर्क की जानकारी जुटा रही पुलिस-
पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि डोडाचूरा कहां से लाया गया था और इसे कहां पहुंचाया जाना था। साथ ही पुलिस द्वारा मादक पदार्थ के मुख्य स्रोत और इससे जुड़े सप्लाई नेटवर्क के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।