बोलिया। नगर में गत दिनों गौ रक्षा हिन्दू उत्सव समिति ने काराजी महाराज के स्थान की शासकीय भूमि सर्वे क्र 881 पर नंदी महाराज की समाधि का जो अधूरा निर्माण कार्य है उसे पूरा करवाने के लिए सरपंच को ज्ञापन सौंपा एवं अधूरे निर्माण कार्य को शासन के अनुसार पूर्ण कराने हेतु मांग की।
गौरक्षा हिन्दू उत्सव समिति के सदस्यो द्वारा बताया गया कि लम्पी वायरस के काल में गौमाताओ के सेवार्थ में विशेष अभियान चलाकर गौमाताओं को औषधी युक्त लड्डू और चारापानी तथा उपचार की व्यवस्था नगर के सहयोग से समिति द्वारा की थी। लम्पी वायरस में सेवा कार्य करने के समय बुजुर्गो से पता चला था, कुछ वर्षो पूर्व (लगभग 40 वर्ष) एक मोती नाम से सांड (नंदी महाराज) हुवा करता था जो मनुष्यो जैसा बर्ताव करता था। नगर का प्रत्येक व्यक्ति उसे अपना घर का सदस्य मानता था। किसी कारण वश उसकी मृत्यु हो जाने से ग्रामीणों द्वारा अपना व्यवसाय प्रतिष्ठान बंद रख कर नंदी महाराज की शवयात्रा बेंड बाजे के साथ निकाल कर काराजी महाराज के बाग में शासकीय भूमि सर्वे क्र 881 पर उसका अंतिम संस्कार किया गया। साथ ही तत्कालीन सरपंच द्वारका प्रसाद शर्मा के द्वारा समाधि निर्माण हेतु पहल की गई थी। किन्तु कुछ परिस्थितियों के कारण निर्माण कार्य पूरा नही हो सका।
निर्माण कार्य पूरा करने व प्रशासन द्वारा अनुमति देने के लिए समस्त ग्रामवासियों के आह्वान पर समिति द्वारा बोलिया ग्राम पंचायत सरपंच चेनकुंवर मांगीलाल पाटीदार को ज्ञापन सोंपा।