नीमच। ब्रह्माकुमारी केन्द्र, नीमच के लगातार पांच साल के प्रयासों से सुखद फलस्वरूप अन्तर्राष्ट्रीय प्रेरक वक्ता, विश्व विभूति बीके शिवानी ने इसी माह की 27 तारीख को नीमच आने की स्वीकृति प्रदान की है। इस समाचार के वायरल होते ही नीमच व मन्दसौर जिले में हर्ष की लहर व्याप्त हो गई और सैकड़ों लोगों ने रूबरू या वेबसाईट तथा मोबाईल एप के माध्यम से अभी से अपना नाम रजिस्टर करवाना शुरू कर दिया है।
आज ब्रह्माकुमारी ज्ञान सागर परिसर के विशाल सद्भावना सभागार में 27 फरवरी को होने वाले अति विशाल कार्यक्रम खुशियाँ आपका इंतजार कर रही हैं के सुंदर फोल्डर्स, वेबसाईट व मोबाईल एप की लांचिंग विधायक दिलीपसिंह परिहार, भाजपा जिलाध्यक्ष पवन पाटीदार, नगर पालिका अध्यक्ष स्वाति गौरव चौपड़ा, वरिष्ठ भाजपा नेता व समाज सेवी संतोष चौपड़ा, ज्ञानोदय शिक्षण संस्थानों की डायरेक्टर माधुरी चौरसिया, उद्योगपति व समाजसेवी डीएस चौरड़िया, व्यवसायी व समाजसेवी वासुदेव गर्ग, समाजसेवी एवं व्यवसायी सुरेश चेलावत, वार्ड पार्षद शारदा पाटनी के साथ ही ब्रह्माकुमारीज़ सबझोन संचालिका राजयोगिनी बीके सविता दीदी, बीके श्रुति दीदी एवं एरिया डायरेक्टर बीके सुरेन्द्र जैन की उपस्थिति में सम्पन्न हुआ।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में जिले के प्रमुख व्यक्ति भी उपस्थित थे। सामुहिक दीप प्रज्ज्वलन के पश्चात सभी मंचासीन अतिथियों ने बीके शिवानी के नीमच आगमन पर ब्रह्माकुमारीज़ नीमच के सदस्यों एवं पदाधिकारियों को बहुत बहुत बधाईयां व शुभकामनाऐं प्रेषित की। साथ ही मिले जुले रूप से ये विचार व्यक्त किये कि शिवानी जी का आगमन नीमच को अन्तर्राष्ट्रीय नक्शे पर गौरवान्वित करने के साथ ही हजारों लोगों को तनाव से मुक्त खुशहाल जीवन शैली जीने के सरल व कारगर नुस्खे व टिप्स मिलेंगे। विधायक परिहार ने रिमोट के द्वारा इस कार्यक्रम के लिए विशेष रूप से डिजाईन की गई वेबसाईट लांच की एवं पहला रजिस्ट्रेशन नीमच की प्रथम नागरिक स्वाति चौपड़ा ने किया और आश्चर्यजनक रूप से वेबसाईट व मोबाईल एप बीके नीमच पर कुछ ही मिनटों में 500 से अधिक रजिस्ट्रेशन हो गए।
कार्यक्रम के अंत में ब्रह्माकुमारीज के सबझोन संचालक ब्रह्माकुमार सुरेन्द्र जैन का ब्रेन ट्युमर जैसी गंभीर बीमारी के चलते भी केवल राजयोग मेडिटेशन के निरंतर अभ्यास से 30 वर्ष पूर्ण कर लेने के अवसर पर उनका अलौकिक आध्यात्मिक जन्मोत्सव भी मनाया गया।