नीमच। आज अखिल भारतीय धाकड़ महासभा युवा संघ द्वारा जिला कलेक्टर कार्यालय नीमच पर मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान के नाम ज्ञापन सौंपकर किसान बाल किशन धाकड़ की जमीन पर प्रशासन द्वारा की गई कार्रवाई के विरोध में ज्ञापन सौंपा गया। तहसीलदार विवेक गुप्ता को सौपे गए ज्ञापन में कहा गया कि जावद उपखंड की सिंगोली तहसील के कवई गांव में किसान बालकिशन धाकड़ की जमीन पर गेहूं, रायड़ा, लहसुन की खड़ी फसल को आधी रात में पहुंचकर प्रशासन ने जेसीबी चलाकर नष्ट कर दिया।अतिक्रमण हटाने के नाम पर प्रशासन ने जमीन हड़प ली। बालकिशन धाकड़ और अन्य किसानों द्वारा इस जमीन पर पिछले 50 वर्षों से खेती की जा रही है।ज्ञापन में मांग की गई कि प्रशासन किसानों की जमीन वापस करें,और फसल का जो नुकसान हुआ है, उसका मुआवजा दे।आक्रोशित धाकड़ समाज के लोगों ने कहा कि यदि उनकी मांगे नहीं मानी गई तो सड़कों पर उतर कर आंदोलन किया जाएगा। बताते चलें कि पिछले दिनों प्रशासन ने आधी रात में कवई गांव पहुंचकर बालकिशन धाकड़ की जमीन पर पुलिस बल के साथ मिलकर बुलडोजर चलाकर फसल को नष्ट करने की ताबड़तोड़ कार्रवाई की थी। प्रशासन की इस कार्रवाई के विरोध में बालकिशन धाकड़ एवं धाकड़ समाज के लोग कलेक्टर कार्यालय के बाहर धरने पर बैठे हैं। इनका कहना है कि यह कार्रवाई सत्ता के इशारों पर की गई है। ज्ञापन देते समय धाकड़ युवा संघ के प्रदेश अध्यक्ष संजय नंदेड़ा, प्रदेश संयोजक लोकेंद्र धाकड़ लदूसा, महेश धाकड़, विजेश,भारत धाकड़, जुगल किशोर, गोपाल निर्भय राम सहित बड़ी संख्या में धाकड़ महासभा युवा संघ के पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे।