मन्दसौर। जिले की दलौदा तहसील गांव आक्या में मन्दिर पुजारी द्वारा मन्दिर ट्रस्ट की जमीन बेचने का मामला सामने आया है। गांव के लोग आक्रोशित है। इस मामले में कुछ सप्ताह पहले ही कलेक्टर को ज्ञापन के माध्यम से अवगत कराया था, परन्तु अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने पर गांव से सभी लोग आज कलेक्टर कार्यालय पहुंचे और फिर ज्ञापन सौंपा।
भंवर लाल माली ने मीडिया को बताया कि राधा कृष्ण मन्दिर आक्या में पुजारी बिहारी है जो कि समय पर भगवान की पूजा नहीं करता और धीरे-धीरे मन्दिर की जमीन बेच रहा है। मन्दिर में नहीं समय पर साफ सफाई करता। यहां तक की कपड़े धोने के बाद कपड़े मन्दिर में ही सूखने डाल देता है। मंदिर में ही नहाना धोना करता है। पहले मंदिर में भंडारा चलाया जाता था। संत महात्माओं के लिए उनके खाना बनाने के बर्तन तक पुजारी ने बेच दिए। जब गांव वाले पुजारी से बात करने उसके घर गए तो पुजारी और उसकी पत्नी ने लोगां को धमकी भी दी की सभी के खिलाफ पुलिस में रिपोर्ट दर्ज करवा देंगे। पुजारी के इस आतंक से पूरे गांव वाले परेशान हैं। इस संबध में गांव के लोग फिर कलेक्टर से मिले और पूरा मामला बताया। इस पर कलेक्टर ने आश्वस्त किया और बताया कि आप एसडीएम के पास जाओ। यहां से मामला जांच के लिए भेज दिया है। अगर हमारी बात को गंभीरता से नहीं लिया गया तो हम सभी लोग धरना प्रदर्शन करेंगे और इसका खामियाजा सरकार को भुगतना पड़ेगा।