नीमच। शहर के तिलक मार्ग स्थित प्राचीन श्री श्याम मंदिर बावड़ी वाले बालाजी नीमच नरेश के दरबार से शुक्रवार सुबह पांचवी निशान पदयात्रा निकली। बता दें कि श्री श्याम युवा मित्र मंडल समिति भीलवाड़ा के बैनर तले पंचम श्री श्याम निशान पदयात्रा नीमच से खाटूधाम के लिए अलसुबह पूरे विधि-विधान और ढोल धमाकों के साथ निकली।
यात्रा बावड़ी वाले बालाजी श्याम मंदिर से प्रारंभ हुई। यहां आरती महाआरती एवं पूजा अर्चना की गई। ध्वज निशान को बुलंद करते हुए खाटू वाले श्याम बाबा, नीमच नरेश की जय के स्वर गुंजायमान हुए। 400 किलोमीटर की इस भव्य यात्रा में 14 श्याम भक्त निशान पदयात्री और 1 सेवादार रवाना हुए। ढोल धमाके और गाजे-बाजे के साथ श्याम भक्तों ने भजन गीतों पर नृत्य किया। इस अवसर पर पैदल भक्त यात्रियों के जत्थे का धर्म प्रेमी जनता ने पुष्पमाला पहनाकर स्वागत किया। श्याम बाबा के भक्तों ने निशान यात्रा की सफलता के लिए अरदास की। यात्रा के प्रस्थान करने से पूर्व जमकर आतिशबाजी की गई।
यह निशान पदयात्रा भीलवाड़ा पहुंच कर 50 यात्रीयो में तब्दील होगी जो कि लाम्बिया, बिजयनगर, बांदनवाड़ा, दिलवाड़ी, किशनगढ़, भोजियावास, मंमाडा, सांभर, दयोदा, पचार होते हुए 24 फरवरी 2023 शुक्रवार को खाटूधाम श्याम मंदिर पहुंचेगी और पदयात्री बाबा श्याम को निशान अर्पित कर शीश नवाएँगे।
इस अवसर पर संतोष चोपड़ा, सुरेंद्र सेठी, पारस, कमल रुपानी, पवन पारीक, ओम मंत्री, कमल मित्तल और बड़ी संख्या में श्याम बाबा के भक्त महिला पुरुष मौजूद रहे।