भोपाल। राजधानी में आज दलित, आदिवासी और पिछड़ा वर्ग के संगठनों का बड़ा शक्ति प्रदर्शन है। भेल दशहरा मैदान फुल हो गया है। रात से ही हजारों कार्यकर्ता यहां डेरा डाल चुके थे। भीड़ इस कदर है कि जहां देखो वहां लोग ही नजर आ रहे हैं। आजाद समाज पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सुनील कुमार आस्तेय का दावा है कि प्रदर्शन में 5 लाख लोग शामिल होंगे।
जनसभा को आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद रावण संबोधित करेंगे। ओबीसी नेता प्रीतम लोधी, व्यापम कांड के व्हिसिल ब्लोअर डॉ. आनंद राय, सुनील आस्तेय, सुनील बैरसिया सहित प्रदेश भर के भीम आर्मी, आजाद समाज पार्टी के कार्यकर्ता और एससी/एसटी के लोग शामिल हो रहे हैं।
प्रदेश भर से भीम आर्मी, आजाद समाज पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता रात में ही भोपाल पहुंच गए थे। रात से ही भेल दशहरा मैदान पर कार्यकर्ताओं का जमघट शुरू हो गया। भोपाल में पहली बार भीम आर्मी, आजाद समाज पार्टी का इतना बड़ा शक्ति प्रदर्शन हो रहा है।
ये है प्रमुख माँगे-
-देश में जातिगत जनगणना कराई जाए
-प्रदेश सरकार से प्रमोशन में आरक्षण का कानून बनवाने के लिए
-संविधान की प्रस्तावना से सेक्युलर और सोशलिस्ट शब्द हटाने के षड्यंत्र के खिलाफ
-कमजोर वर्ग के लोगों पर प्रशासन के द्वारा झूठे मुकदमे दर्ज करने के खिलाफ
-आरक्षण को संविधान की नौवीं अनुसूची में शामिल करवाने के लिए
-केंद्र और राज्य सरकारों से आर्थिक बराबरी का कानून लागू करवाने के लिए
-एससी/एसटी एक्ट के तहत मृतक के परिवार को दी जाने वाली क्षतिपूर्ति राशि बढ़ाकर 30 लाख रुपए करवाने के लिए
-मनरेगा की दैनिक मजदूरी को बढ़ाकर न्यूनतम 700 रुपए करवाने के लिए
-शिक्षा का राष्ट्रीयकरण कर सर्वनाश रुकवाने के लिए
-मध्यप्रदेश सरकार के शासकीय महाविद्यालयों में चुनाव प्रक्रिया बहाल कराने के लिए
-निजीकरण के नाम पर सरकारी प्रतिष्ठानों को बेचने के खिलाफ
-निजीकरण के सहारे आरक्षण समाप्त करने के षड्यंत्र के खिलाफ
-ओबीसी की जातिगत जनगणना, 27 प्रतिशत आरक्षण लागू कराने के लिए
-एससी/एसटी, ओबीसी, मुस्लिम अल्पसंख्यक, बहन, बेटियों और बच्चों पर हो रहे अन्याय अत्याचार के खिलाफ
-बेकसूर लोगों के घरों पर प्रशासन द्वारा बुलडोजर चलाने के खिलाफ
-गरीबी रेखा से नीचे आने वाले परिवारों का GST से मुक्त कराने के लिए