मंदसौर। पुलिस मुख्यालय भोपाल द्वारा चलाए जा रहे मादक पदार्थ विरोधी अभियान के तहत मंदसौर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। नई आबादी थाना पुलिस ने एक तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से एमडी पाउडर और डोडाचूरा बरामद किया है। बरामद मादक पदार्थों की कुल कीमत लगभग 3.10 लाख रुपये बताई जा रही है।

कार्यवाही का विवरण-
थाना प्रभारी उपनिरीक्षक कुलदीप सिंह राठौर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति टीवीएस कंपनी की मोटरसाइकिल (MP14 MT 1665) से एमडी पाउडर और डोडाचूरा लेकर मंदसौर-रतलाम बायपास मार्ग से गुजरने वाला है। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने नालछा माता फंटे पर घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान मोहम्मद हनीफ पिता मोहम्मद इब्राहीम (44 वर्ष), निवासी गुदरी मोहल्ला, खानपुरा गेट, मंदसौर के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान आरोपी के पास से 250 ग्राम एमडी पाउडर (कीमत 2.50 लाख) और 8 किलोग्राम डोडाचूरा (कीमत ₹20 हजार) बरामद हुआ। साथ ही मोटरसाइकिल भी जप्त की गई।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 8/15, 22, 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है। वहीं आरोपी का एक साथी अकरम पिता अजीज खान पठान, निवासी ग्राम नोगांवा, जिला प्रतापगढ़ (राजस्थान) फरार बताया जा रहा है, जिसकी तलाश जारी है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी कुलदीप सिंह राठौर एवं नई आबादी थाना पुलिस टीम का सराहनीय योगदान रहा।
