नीमच। स्विमफ्लाय स्पोर्ट्स क्लब की स्टार खिलाड़ी कनकश्री तेजप्रकाश धारवाल ने एक और बड़ी उपलब्धि अपने नाम की है। उनका चयन एशियन पेंटाथलॉन चैम्पियनशिप, जापान हेतु भारतीय दल में किया गया है।
म प्र जनरल सेक्रेटरी श्री सुनील भारती ने बताया ताऊ देवीलाल स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, पंचकूला में आयोजित एशियन चैम्पियंशिप ट्रायल्स में कनकश्री ने दमदार प्रदर्शन करते हुए देश के शीर्ष खिलाड़ियों में अपनी जगह पक्की की।
मेंटॉर प्रभु मूलचंदानी एवं मोटिवेटर राकेश कोठारी ने बताया कि नवंबर 2025 में होने वाली इस प्रतिष्ठित चैम्पियनशिप की तैयारी के लिए खिलाड़ियों और कोचेस समीर सिंह जादोन, आयुष गौड़, नीलेश घावरी, सुधा सोलंकी, अभिषेक अहीर, रोहित अहीर व शुभम स्वर्णकार ने दिन-रात मेहनत की है।
मॉडर्न पेंटाथलॉन खेल की कठिनाइयों का जिक्र करते हुए जॉइन सेक्रेटरी मयंक कटारिया ने बताया कि इसमें एक खिलाड़ी को पाँच विभिन्न खेलों तैराकी, लेज़र शूटिंग, फेंसिंग, रनिंग एवं ऑब्स्टेकल में एक साथ प्रतिद्वंद्विता करनी होती है, जो खिलाड़ियों की शारीरिक व मानसिक क्षमता की सच्ची परीक्षा है।
मॉडर्न पेंटाथलॉन संघ के अध्यक्ष डॉ. मनीष चमड़िया ने बताया कि वर्ष 2025 स्विमफ्लाय क्लब के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। जापान में एशियन चैम्पियनशिप के साथ-साथ इसी वर्ष वर्ल्ड चैम्पियनशिप साउथ अफ्रीका में भी आयोजित होगी, जिसमें क्लब के खिलाड़ियों के चयन की पूरी संभावना है।
नीमच शहर और स्विमफ्लाय परिवार में कनकश्री के चयन से जश्न का माहौल है, वहीं खेल प्रेमियों ने उन्हें भविष्य के लिए शुभकामनाएँ दी हैं। म प्र सेक्रेटरी श्री सुनील भारती ने बताया मॉडर्न पेंटाथलॉन एशियन चैंपियनशिप - 10 से 16 नवंबर, 2025 तक अंजो शहर, आइची प्रीफेक्चर, जापान में आयोजित होनी है।