नीमच। जिला बॉडीबिल्डिंग एंड फिजिक स्पोर्ट्स एसोसिएशन, नीमच के तत्वावधान में आयोजित 12वीं जिला स्तरीय ‘मिस्टर नीमच टॉप-10 बॉडीबिल्डिंग चैंपियनशिप’ टाउन हॉल में उत्साह, ऊर्जा और खेल भावना के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुई। प्रतियोगिता में जिलेभर से लगभग 100 बॉडीबिल्डर्स ने भाग लेकर अपनी सुदृढ़ काया, अनुशासन और शानदार प्रस्तुति का प्रदर्शन किया।
कड़े मुकाबलों के बीच मोहसिन खान ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए चैंपियन ऑफ चैंपियंस – मिस्टर नीमच का खिताब अपने नाम किया। वहीं आकाश सोनगरा को बेस्ट पोजर, समीर खान को बेस्ट मस्कुलर मैन तथा बृजेश पांडे को बेस्ट इंप्रूव बॉडी का पुरस्कार प्रदान किया गया।
टॉप-10 विजेताओं में क्रमशः श्याम शर्मा पांचवें, अल्पेश खान छठे, विष्णु बसेरा सातवें, आदित्य सरसिया आठवें, दीपक जैन नौवें एवं रजा खान दसवें स्थान पर रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ पूर्व जिला अध्यक्ष कांग्रेस अनिल चौरसिया एवं जिला बॉडीबिल्डिंग संरक्षक संतोष चोपड़ा द्वारा किया गया। मंच संचालन जिला बॉडीबिल्डिंग कोषाध्यक्ष अर्जुन पंडित ने किया, जबकि मंच व्यवस्था मेहबूब खान ने संभाली।
निर्णायक मंडल में मकबूल वारसी (शाजापुर), अमजद खान (जावरा), विकास वर्मा (उज्जैन) एवं राजकुमार शिंदे शामिल रहे। इस अवसर पर संघ के अध्यक्ष अभिनव चौरसिया, उपाध्यक्ष नकुल जैन, विक्की छाबड़ा एवं सचिव साजिद कुरैशी ने आगामी दिसंबर माह में प्रस्तावित ‘मिस्टर मध्यप्रदेश बॉडीबिल्डिंग प्रतियोगिता’ की घोषणा भी की।
प्रतियोगिता ने जिले में फिटनेस और बॉडीबिल्डिंग खेल के प्रति युवाओं के बढ़ते रुझान और उत्साह को प्रभावी रूप से दर्शाया।