नीमच। मेरा युवा भारत, नीमच तथा युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में ब्लॉक स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन ब्लॉक जावद के मोडी ग्राम स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में किया गया। कार्यक्रम जिला युवा अधिकारी सौरभ श्रीवास्तव के मार्गदर्शन में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
प्रतियोगिता के अंतर्गत समूह खेलों में बालक वर्ग के लिए रस्साकशी एवं बालिका वर्ग के लिए खो-खो प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साह और खेल भावना के साथ सहभागिता की।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि गोपाल पंवार (सरपंच प्रतिनिधि) रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में करुलाल राठौर (उपसरपंच) उपस्थित रहे। अतिथियों में कमला पालीवाल (प्राचार्य) एवं हाई स्कूल से कन्हैयालाल राठौर शामिल हुए। प्रतियोगिता के संचालन में कोच के रूप में भी कन्हैयालाल राठौर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
आयोजन को सफल बनाने में विद्यालय स्टाफ का विशेष सहयोग रहा। कार्यक्रम में विष्णु पाटीदार, सुरेश माली एवं मुकेश पाटीदार की सक्रिय सहभागिता रही।
इस अवसर पर अतिथियों ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए खेलों के माध्यम से शारीरिक एवं मानसिक विकास, अनुशासन, टीमवर्क और नेतृत्व क्षमता के महत्व पर प्रकाश डाला। प्रतियोगिता का समापन पुरस्कार वितरण एवं आभार प्रदर्शन के साथ हुआ।