नीमच। युवाओं में खेल भावना, अनुशासन एवं स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से जिला स्तरीय खेल प्रतियोगिता का भव्य आयोजन पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय क्रमांक- 1 परिसर में उत्साहपूर्वक संपन्न हुआ। प्रतियोगिता का आयोजन मेरा युवा भारत एवं युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के संयुक्त तत्वावधान में किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में दिलीप सिंह परिहार, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव शोभना मीणा, अधिकारी प्रवीन, विद्यालय के प्राचार्य प्रियदर्शन गर्ग तथा क्रीड़ा अधिकारी अनिल कुमार यादव उपस्थित रहे।
प्रतियोगिताओं के अंतर्गत सामूहिक खेलों में बालक वर्ग की रस्साकशी एवं बालिका वर्ग की खो-खो स्पर्धा आयोजित की गई। वहीं एथलेटिक्स प्रतियोगिताओं में 100 मीटर एवं 200 मीटर दौड़ बालक व बालिका दोनों वर्गों में कराई गई। खिलाड़ियों ने पूरे उत्साह, अनुशासन और खेल भावना के साथ भाग लेते हुए उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
विधायक दिलीप सिंह परिहार ने अपने संबोधन में कहा कि खेल युवाओं के सर्वांगीण व्यक्तित्व विकास का सशक्त माध्यम हैं, जो टीमवर्क, नेतृत्व क्षमता और आत्मविश्वास को मजबूत बनाते हैं।
समापन अवसर पर विजेता खिलाड़ियों को मेडल एवं ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन गोपाल दास बैरागी ने किया। आयोजन को सफल बनाने में सौरभ श्रीवास्तव, सौरभ नागदा, कुलदीप राठौर, मधुसूदन महावर एवं कौशल सुथार सहित आयोजन टीम की सक्रिय भूमिका रही।