नीमच। ग्रामीण अंचलों में पारंपरिक खेलों की परंपरा को सशक्त करने तथा युवाओं में खेल भावना विकसित करने के उद्देश्य से राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान (आरसीएसए) के अंतर्गत जिला स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। प्रतियोगिता जिला पंचायत नीमच परिसर में आयोजित हो रही है, जहां जिले के तीनों ब्लॉकों के खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं।
प्रतियोगिता में जावद, मनासा एवं नीमच ब्लॉक से दो-दो टीमों के खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। पुरुष वर्ग की इस एक दिवसीय प्रतियोगिता में प्रत्येक ब्लॉक से 25-25 खिलाड़ियों को आमंत्रित किया गया है। मैदान पर कबड्डी के रोमांचक मुकाबलों के साथ ग्रामीण खेल संस्कृति की जीवंत झलक देखने को मिल रही है।
आयोजकों के अनुसार प्रतियोगिता में विजेता टीम को 21 हजार रुपये, द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाली टीम को 11 हजार रुपये तथा तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली टीम को 7 हजार रुपये का पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। इसके अतिरिक्त दो टीमों को 1100-1100 रुपये का सांत्वना पुरस्कार भी दिया जाएगा।
खेल एवं युवक कल्याण विभाग के प्रकाश ने बताया कि आयोजन का मुख्य उद्देश्य युवाओं को पारंपरिक खेलों से जोड़ना तथा उनकी खेल प्रतिभा को उचित मंच प्रदान करना है। कबड्डी जैसे भारतीय खेल गांव-गांव की पहचान रहे हैं और ऐसे आयोजन युवाओं में नई ऊर्जा एवं उत्साह का संचार करते हैं।