चित्तौड़गढ़। राजस्थान सरकार की पंच गौरव योजना के अंतर्गत “एक जिला एक खेल” कार्यक्रम में कबड्डी को चयनित किया गया है। इसी क्रम में इंदिरा गांधी स्टेडियम में आयोजित सात दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण शिविर के साथ दो दिवसीय जिला स्तरीय कबड्डी सेमिनार का शुक्रवार को समापन हुआ। सेमिनार में खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और शारीरिक शिक्षकों को कबड्डी की आधुनिक तकनीक एवं वैज्ञानिक प्रशिक्षण पद्धति की जानकारी दी गई।
सेमिनार का विषय “कबड्डी खेल का विकास, प्रशिक्षण एवं आधुनिक तकनीक” रखा गया था। इसमें शारीरिक शिक्षक, कबड्डी खिलाड़ी, खेल प्रशिक्षक, जिला खेल संघ के प्रतिनिधि तथा शिक्षा विभाग के अधिकारी सहित करीब 150 प्रतिभागियों ने भाग लिया।
सेमिनार के दूसरे दिन विभिन्न सत्र आयोजित किए गए। पहले सत्र में आधुनिक कबड्डी तकनीक पर चर्चा करते हुए रेडिंग तकनीक, डिफेंस तकनीक और टीम रणनीति की विस्तृत जानकारी दी गई। दूसरे सत्र में प्रशिक्षण पद्धति के अंतर्गत प्रशिक्षण योजना, खिलाड़ियों के चयन और अभ्यास कार्यक्रम पर मार्गदर्शन दिया गया। तीसरे सत्र में खेल के दौरान होने वाली चोटों से बचाव, प्राथमिक उपचार और रिकवरी तकनीकों की जानकारी दी गई।
इसके बाद आयोजित प्रायोगिक सत्र में मैदान पर रेड एवं डिफेंस का अभ्यास कराया गया, जिसमें खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस अवसर पर अंतरराष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी एवं कोच डॉ. दिनेश चौधरी ने कहा कि आधुनिक तकनीक और वैज्ञानिक प्रशिक्षण पद्धति अपनाकर खिलाड़ी अपने प्रदर्शन में उल्लेखनीय सुधार कर सकते हैं।
जिला खेल अधिकारी रामरतन गुर्जर ने बताया कि शनिवार और रविवार को इंदिरा गांधी स्टेडियम में जिला स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। प्रतियोगिता में भाग लेने वाले खिलाड़ी सुबह 10 बजे तक पंजीयन करा सकेंगे। इसमें सभी आयु वर्ग के खिलाड़ी भाग ले सकेंगे तथा महिला और पुरुष दोनों वर्गों के मुकाबले होंगे।
प्रतियोगिता में लगभग 200 से 250 खिलाड़ियों के भाग लेने की संभावना है। प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली टीमों को ट्रॉफी, स्मृति चिन्ह और प्रशस्ति पत्र प्रदान किए जाएंगे।
जिला स्तरीय प्रतियोगिता में जिला कलेक्टर आलोक रंजन, विधायक चंद्रभान सिंह आक्या सहित जनप्रतिनिधियों के शामिल होने की संभावना है। जिला प्रशासन एवं जिला खेलकूद प्रशिक्षण केंद्र ने खेल प्रेमियों से कार्यक्रम में उपस्थित होकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने की अपील की है।