चित्तौड़गढ़। जिले में शिक्षा व्यवस्था एवं पर्यावरण संरक्षण को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से जिला कलक्टर डॉ. मंजू ने कपासन पंचायत समिति क्षेत्र के बनकिया कला तथा राशमी पंचायत समिति अंतर्गत बारू ग्राम पंचायत क्षेत्र का दौरा कर विभिन्न व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान जिला कलक्टर ने बनकिया कला स्थित एकलव्य ज्ञान केंद्र का अवलोकन किया। उन्होंने अध्ययनरत छात्र-छात्राओं से संवाद कर उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने लाइब्रेरी में ट्यूबलाइट सहित अन्य आवश्यक मूलभूत सुविधाएं शीघ्र उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, ताकि विद्यार्थियों को बेहतर अध्ययन वातावरण मिल सके।
जिला कलक्टर ने परिसर के बड़े मैदान में पौधारोपण कर हरित वातावरण विकसित करने के लिए जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी विनय पाठक को आवश्यक निर्देश दिए।
इसके पश्चात उन्होंने बारू ग्राम पंचायत क्षेत्र में चारागाह भूमि का निरीक्षण किया तथा वहां चल रहे पौधारोपण एवं संरक्षण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने आसपास स्थित विद्यालय के खेल मैदान एवं अन्य व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं का समुचित विकास सुनिश्चित किया जा सके।
निरीक्षण के दौरान एक्सईएन विशाल सोनी, तहसीलदार सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।