नीमच। स्वामी विवेकानंद शासकीय स्नातकोत्तर कॉलेज परिसर में आज एक दिवसीय भव्य वॉलीबॉल टूर्नामेंट का आयोजन जोश और उत्साह के साथ किया जा रहा है। आईएसओ नीमच सिटी वॉलीबॉल क्लब द्वारा आयोजित इस प्रतियोगिता में जिले सहित आसपास के क्षेत्रों की टीमें अपनी खेल प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन कर रही हैं।
टूर्नामेंट में कुल 8 टीमें भाग ले रही हैं, जिनमें नीमच की 3 टीमों के अलावा रतलाम, मंदसौर, जावरा, बूढ़ा और सरवानिया महाराज क्षेत्र की टीमें शामिल हैं। सुबह से शुरू हुए मुकाबले देर रात तक फ्लड लाइट की दूधिया रोशनी में खेले जाएंगे, जिससे प्रतियोगिता का रोमांच और बढ़ गया है।
प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली टीम को 7100, द्वितीय स्थान पर 5100 तथा तृतीय स्थान पर 2100 नगद पुरस्कार प्रदान किया जाएगा।
पीजी कॉलेज परिसर में आयोजित इस टूर्नामेंट को लेकर युवाओं और खेल प्रेमियों में खासा उत्साह देखा जा रहा है। बड़ी संख्या में दर्शक मैदान पर पहुंचकर रोमांचक मुकाबलों का आनंद ले रहे हैं। आयोजकों का कहना है कि ऐसे आयोजनों से स्थानीय खिलाड़ियों को बड़ा मंच मिलता है और जिले में खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलता है।