चित्तौड़गढ़। उदयपुर में वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की स्मृति में आयोजित संभाग कुमार एवं संभाग केसरी कुश्ती दंगल प्रतियोगिता में बालाजी प्रशिक्षण संस्थान के पहलवानों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए खिताब हासिल किए।
संस्थान के सचिव कमलेश गुर्जर ने बताया कि प्रतियोगिता में संभाग के सात जिलों के पहलवानों ने भाग लिया, जिसमें बालाजी प्रशिक्षण संस्थान के पांच पहलवान शामिल हुए। दंगल के सबसे बड़े खिताब संभाग केसरी में राहुल गुर्जर ने तृतीय स्थान प्राप्त किया, जबकि संभाग कुमार खिताब में रणवीर सिंह राठौड़ ने द्वितीय स्थान हासिल किया।
इस उपलब्धि पर व्यायामशाला संरक्षक विष्णु शर्मा एवं अध्यक्ष कैलाश आगाल ने हर्ष व्यक्त करते हुए दोनों पहलवानों को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
संस्थान के कोषाध्यक्ष बसंतीलाल पंचोली ने बताया कि दोनों पहलवान पूर्व में ऑल इंडिया यूनिवर्सिटी कुश्ती प्रतियोगिता में भी भाग ले चुके हैं। इसके अलावा स्कूल स्तरीय प्रतियोगिताओं में भी दोनों खिलाड़ियों ने कई बार जिले के लिए पदक जीते हैं।