नीमच। जिले के मनासा तहसील अंतर्गत ग्राम मोकड़ी में महाराणा क्लब द्वारा प्रथम वर्ष एक दिवसीय ऑक्शन कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। आयोजन समिति के सदस्य गजेंद्र सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि यह महाराणा क्लब का तीसरा कबड्डी टूर्नामेंट है, जिसे इस बार प्रो कबड्डी लीग की तर्ज पर आयोजित किया जा रहा है।
इस प्रतियोगिता में खिलाड़ियों की टीमों का गठन ऑक्शन (बोली) के माध्यम से किया जाएगा। कुल 6 टीमें बनाई जाएंगी, जिनमें 54 खिलाड़ियों को खेलने का अवसर मिलेगा। आयोजन का मुख्य उद्देश्य जिले के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच प्रदान करना है।
प्रतियोगिता का आयोजन 31 मार्च 2026 को ग्राम मोकड़ी में किया जाएगा। टूर्नामेंट में विजेता टीम को 12,000 रुपए तथा उपविजेता टीम को 8,000 रुपए का पुरस्कार दिया जाएगा। टीम ऑनर शुल्क 3,000 रुपए तथा खिलाड़ी पंजीयन शुल्क 150 रुपए निर्धारित किया गया है। 21 मार्च के बाद किसी भी खिलाड़ी या ऑनर का रजिस्ट्रेशन स्वीकार नहीं किया जाएगा।
आयोजन समिति के अनुसार सभी मैच डबल नॉकआउट आधार पर खेले जाएंगे और मुकाबले मेट पर होंगे। टूर्नामेंट डे-नाइट रहेगा, जिसमें सभी मैच सुबह 9 बजे से प्रारंभ होंगे। किसी भी विवाद की स्थिति में कमेटी एवं ऑफिशियल का निर्णय अंतिम और सर्वमान्य होगा।
खिलाड़ियों को अपने भोजन की व्यवस्था स्वयं करनी होगी और समय पर मैदान में उपस्थित रहना अनिवार्य रहेगा। आयोजन से संबंधित अधिक जानकारी के लिए 6264242124, 9575733731 एवं 9111976258 नंबरों पर संपर्क किया जा सकता है।