नीमच। उज्जैन संभाग स्तरीय अधिकारी/कर्मचारी क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन 1 एवं 2 अप्रैल 2026 को शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-2, नीमच के खेल मैदान पर किया जा रहा है। प्रतियोगिता का शुभारंभ जिला शिक्षा अधिकारी सुजानमल मांगरिया, सहायक संचालक मनोज जैन, विकासखंड शिक्षा अधिकारी एस.एन. परमार, प्रतियोगिता संयोजक प्राचार्य ओमप्रकाश बंसल तथा सह-संयोजक भरत सिंह कुमावत की उपस्थिति में किया गया। इस दौरान जिले के विभिन्न व्यायाम शिक्षक, खेल शिक्षक एवं अन्य शिक्षकगण भी उपस्थित रहे।
प्रतियोगिता में उज्जैन संभाग के विभिन्न जिलों की चयनित टीमें भाग ले रही हैं। पहले दिन खेले गए मुकाबलों में शाजापुर ने आगर-मालवा को पराजित किया, जबकि देवास ने मंदसौर को हराकर जीत दर्ज की।
पहले सेमीफाइनल मुकाबले में मेजबान नीमच टीम ने उज्जैन को पराजित कर फाइनल में प्रवेश कर लिया है। वहीं दूसरा सेमीफाइनल मुकाबला शाजापुर और देवास के बीच खेला जाएगा। इस मैच की विजेता टीम का सामना फाइनल में नीमच से होगा। प्रतियोगिता को लेकर खिलाड़ियों एवं दर्शकों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।