नीमच। विभागीय खेल कैलेंडर के अंतर्गत 8 अप्रैल 2026 को मंदसौर के नूतन स्टेडियम स्थित बैडमिंटन हॉल में स्कूल शिक्षा विभाग के अधिकारी/कर्मचारियों की उज्जैन संभाग स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में उज्जैन, मंदसौर, नीमच, देवास, शाजापुर एवं आगर मालवा जिलों की टीमों ने भाग लिया।
50 वर्ष आयु वर्ग (पुरुष) में नीमच जिले के व्यायाम शिक्षक खिलाड़ी अजय नागोरी, भरत सिंह कुमावत एवं भारत सिंह परिहार ने सिंगल एवं डबल्स मुकाबलों में शानदार प्रदर्शन करते हुए मंदसौर एवं आगर मालवा को हराकर फाइनल में प्रवेश किया।
फाइनल मुकाबला नीमच और उज्जैन के बीच खेला गया, जिसमें कड़े मुकाबले में नीमच की टीम मामूली अंतर से हारकर उपविजेता रही।
इसके अलावा 50 वर्ष से कम आयु वर्ग (पुरुष) में राजेश शर्मा, मनीष एवं श्रवण सिंह तथा महिला वर्ग में मधुलिका शर्मा, ज्योति भाटी एवं स्वाति ने भी अच्छा प्रदर्शन किया, हालांकि वे प्रारंभिक दौर में ही बाहर हो गए।
नीमच के खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन एवं उपविजेता बनने पर जिला शिक्षा अधिकारी सुजान मल मांगरिया, प्राचार्य ओमप्रकाश बंसल, जिला क्रीड़ा अधिकारी सावित्री मालवीय सहित विभिन्न प्राचार्यों एवं शिक्षकों ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की।