प्रतापगढ़। जिले के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय बमोतर के छात्र रायचंद मीणा ने राज्य स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर चयनित होकर जिले का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि से परिवार और गांव में खुशी की लहर है।
जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में आयोजित राज्य स्तरीय अंडर-17 सब जूनियर कुश्ती प्रतियोगिता में रायचंद मीणा ने 45 किलोग्राम ग्रीको रोमन वर्ग में स्वर्ण पदक हासिल किया। इस शानदार प्रदर्शन के आधार पर उनका राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयन हुआ है।
जिला कलेक्टर आईएएस शुभम चौधरी ने रायचंद को मेडल और मेवाड़ी पगड़ी पहनाकर सम्मानित किया। इस अवसर पर राजस्थान शिक्षक संघ (एकीकृत) के प्रदेश अध्यक्ष सत्यनारायण भट्ट, विद्यालय के प्रधानाचार्य सहित समस्त स्टाफ ने छात्र का माल्यार्पण कर अभिनंदन किया।
जिला कलेक्टर ने रायचंद को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे इसी तरह आगे बढ़ते रहें और देश-विदेश में अपने जिले व प्रदेश का नाम रोशन करें।
रायचंद मीणा अब 28 अप्रैल से महाराष्ट्र में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में राजस्थान का प्रतिनिधित्व करेंगे। वे धमोतर पंचायत समिति के ग्राम उंडाखोरा के निवासी प्रभुलाल मीणा के पुत्र हैं। विद्यालय के प्रधानाचार्य मोहम्मद शाहिद सहित समस्त शिक्षकों व स्टाफ ने छात्र को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी हैं।